खोज
हिन्दी
  • English
  • 正體中文
  • 简体中文
  • Deutsch
  • Español
  • Français
  • Magyar
  • 日本語
  • 한국어
  • Монгол хэл
  • Âu Lạc
  • български
  • Bahasa Melayu
  • فارسی
  • Português
  • Română
  • Bahasa Indonesia
  • ไทย
  • العربية
  • Čeština
  • ਪੰਜਾਬੀ
  • Русский
  • తెలుగు లిపి
  • हिन्दी
  • Polski
  • Italiano
  • Wikang Tagalog
  • Українська Мова
  • अन्य
  • English
  • 正體中文
  • 简体中文
  • Deutsch
  • Español
  • Français
  • Magyar
  • 日本語
  • 한국어
  • Монгол хэл
  • Âu Lạc
  • български
  • Bahasa Melayu
  • فارسی
  • Português
  • Română
  • Bahasa Indonesia
  • ไทย
  • العربية
  • Čeština
  • ਪੰਜਾਬੀ
  • Русский
  • తెలుగు లిపి
  • हिन्दी
  • Polski
  • Italiano
  • Wikang Tagalog
  • Українська Мова
  • अन्य
शीर्षक
प्रतिलिपि
आगे
अधिक
दैनिक समाचार प्रसारण – २२ नवंबर, २०२६
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने १९ नवंबर को शेनझेन [चीन] में अपने पहले त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन के बाद संयुक्त "शांति घोषणा" जारी की। १. तीनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार का संकल्प लिया, ताकि वह वैश्विक चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना कर सके और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहायता कर सके। २. उन्होंने सभी देशों के लाभ के लिए परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने की योजना बनाई तथा ऊर्जा आपूर्ति स्थिर रखने के महत्त्व पर बल दिया। ३. उन्होंने देशों की सहमति के सिद्धांत और सरकारी अधिकारियों को प्राप्त कानूनी उन्मुक्ति का सम्मान करने के महत्त्व पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय [ICC] और ऐसी अन्य संस्थाओं को अपने अधिकारों का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। ४. उन्होंने दोहराया कि परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता और इसे कभी लड़ा नहीं जाना चाहिए। वे परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों का प्रसार रोकने पर बातचीत करने के लिए सहमत हुए। शेनझेन में तीनों नेताओं की संयुक्त बैठक से पहले, श्री ट्रंप ने पहले श्री पुतिन और फिर श्री शी से मुलाकात की। क्रेमलिन [रूस] के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कहा कि श्री पुतिन के साथ लगभग ४ ०मिनट की बैठक का एक प्रमुख विषय यूक्रेन (यूरेन) में रूस का युद्ध था। श्री शी के साथ अलग बैठक में श्री ट्रंप ने अमेरिका और चीन से युद्ध समाप्त कराने में सहायता के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया (Reuters, The White House, CNBC, Anadolu Agency)
ब्रिटेन ने १७ नवंबर को यूक्रेन (यूरेन के लिए) २४ करोड़ पाउंड के शीतकालीन वायु रक्षा पैकेज की घोषणा की, जिसमें कम दूरी की १ हज़ार से अधिक वायु रक्षा मिसाइलें, प्रक्षेपक और १ दर्जन से अधिक रडार शामिल हैं (Gov.uk)
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने १८ नवंबर को कराकस [वेनेज़ुएला] में वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ के साथ उपस्थित होकर वेनेज़ुएला के साथ सैन्य सहयोग समझौते की घोषणा की। समझौते में संयुक्त प्रशिक्षण और खुफिया जानकारी साँझा करना शामिल है। श्री हेगसेथ ने कहा कि इससे मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले समूहों के विरुद्ध संयुक्त प्रयास बढ़ेंगे (Reuters)
एक बस पलटने से तेल और गैस क्षेत्र के १३ श्रमिकों की मृत्यु तथा १ दर्जन से अधिक अन्य के घायल होने के बाद, जवाबदेही की मांग करते हुए सैकड़ों लोगों ने १७ नवंबर को अब्दानान [ईरान] में मार्च किया। यह विरोध सरकार-विरोधी प्रदर्शन में बदल गया। मानवाधिकार समूहों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आंसू गैस छोड़ी और कम-से-कम ७ लोगों को गिरफ्तार किया (Fox News)
ब्रिटेन में अक्टूबर २०२६ में उपभोक्ता कीमतें अक्टूबर २०२५ की तुलना में ३.६% अधिक थीं, यह १२ महीनों की सबसे ऊंची वार्षिक मुद्रास्फीति दर थी। कार्यालय राष्ट्रीय सांख्यिकी [ब्रिटेन] ने कहा कि बढ़ती मुद्रास्फीति का मुख्य कारण वाहन ईंधन था। ईंधन की कीमतें १ वर्ष पहले की तुलना में ३३.२% अधिक थीं और डीज़ल का औसत मूल्य रिकॉर्ड १९९.५ पेंस प्रति लीटर पर पहुंच गया (CNBC)
UNEP [संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम] और WHO [विश्व स्वास्थ्य संगठन] के आकलन में चेतावनी दी गई है कि रोज़मर्रा के उत्पादों में मौजूद EDC [अंतःस्रावी तंत्र को बाधित करने वाले रसायनों] के व्यापक संपर्क से मानव और वन्यजीवों के स्वास्थ्य को खतरा है। प्रमाण EDCs को प्रजनन, विकास और तंत्रिका संबंधी प्रभावों से जोड़ते हैं। टाइप 2 मधुमेह से इनके संबंध के प्रमाण मज़बूत हुए हैं तथा हृदय-वाहिका रोगों और अस्थमा से संबंध भी सामने आ रहे हैं। वार्षिक स्वास्थ्य-संबंधी लागत ११ खरब अमेरिकी डॉलर से अधिक होने का अनुमान है (Channel News Asia, WHO)
रियस पत्रिका में प्रकाशित एक समीक्षा सोरायसिस [जिससे त्वचा पर पपड़ीदार चकत्ते बनते हैं], एटोपिक डर्मेटाइटिस [एक्ज़िमा, जिससे त्वचा सूखी और खुजलीदार होती है] तथा हाइड्राडेनाइटिस सप्यूरेटिवा [जिससे दर्दनाक गांठें और फोड़े होते हैं] सहित लंबे समय से बनी सूजनयुक्त त्वचा की बीमारियों और अवसाद, चिंता, तनाव, संज्ञानात्मक कठिनाइयों, आत्महत्या की प्रवृत्ति तथा नींद की समस्याओं जैसे तंत्रिका-मनोचिकित्सकीय विकारों के बीच संबंधों की पड़ताल करती है। यह समीक्षा यह भी देखती हैb कि तनाव लक्षणों को कैसे बिगाड़ सकता है और त्वचा के उपचार के साथ मानसिक स्वास्थ्य सहायता देने का महत्त्व बताती है (Cureus)
वृद्ध वयस्कों में संक्रमण का जोखिम अधिक होता है और एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग से दवा-प्रतिरोध बढ़ सकता है। हनोई वृद्धावस्था चिकित्सालय [औलक (वियतनाम)] सलाह देता है कि एंटीबायोटिक केवल चिकित्सकीय निर्देश पर लें, निर्धारित खुराक और अवधि का पालन करें तथा कभी स्वयं दवा न लें, नुस्खे साँझा या दोबारा इस्तेमाल न करें और बची हुई दवाएं न लें। सर्दी-जुकाम, फ्लू तथा अधिकतर वायरस-जनित खांसी या गले में खराश के लिए एंटीबायोटिक लेने से बचें। हाथ धोकर, भोजन की सुरक्षा सुनिश्चित करके और स्वच्छता रखकर संक्रमण रोकें। पुरानी बीमारियों को नियंत्रित रखें, चिकित्सकीय परामर्श के समय दवाओं की सूची साथ लाएं और अस्पताल की सावधानियों का पालन करें, जिनमें आवश्यकता पर मास्क पहनना तथा संक्रमण के लक्षण वाले लोगों के मिलने आने को सीमित करना शामिल है (Lao Động)
विश्व में खाद्य उत्पादन सबके पोषण के लिए आवश्यक मात्रा से अधिक है, फिर भी संघर्षों और जलवायु-संबंधी आपदाओं से आपूर्ति बाधित होने के कारण कम-से-कम १३ देशों और क्षेत्रों में भूख की समस्या बढ़ने की आशंका है। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स [ब्रिटेन] के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण पर ग्रांथम अनुसंधान संस्थान की पर्यावरण अर्थशास्त्री डॉ. एलिज़ाबेथ रॉबिन्सन ने सरकारों से खाद्य सुरक्षा सुधारने के लिए संघर्ष क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति मार्गों की रक्षा करने, भंडारण मज़बूत करने, संकट-सहनीय खेती को सहायता देने, खाद्य सहायता बढ़ाने, भोजन की बर्बादी घटाने और वनस्पति-आधारित आहार को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया (Earth.com, The BMJ)
वायुमंडलीय नदियों से जुड़े तूफानों ने १८ नवंबर को उत्तरी कैलिफ़ोर्निया [अमेरिका] में व्यापक बाढ़, तटीय क्षति और कीचड़-भूस्खलन का खतरा पैदा किया। सैन फ़्रांसिस्को, कैलिफ़ोर्निया में ५७.९ मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जिससे १९१८ का रिकॉर्ड टूट गया। बाढ़ के पानी से सड़कों पर आवाजाही बाधित हुई और अधिकारियों ने राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों को खाली करने की चेतावनियां जारी कीं (The Guardian, CBS News)
स्विट्ज़रलैंड के वायु गुणवत्ता निगरानी मंच IQair के अनुसार, पूरे दक्षिण एशिया में सर्दियों की धुंध और प्रदूषण बढ़ रहे हैं। नवंबर के दूसरे सप्ताह में दिल्ली [भारत] का वायु गुणवत्ता सूचकांक [AQI] ३५० से ऊपर खतरनाक स्तर पर दर्ज हुआ। २०२५ में विश्व के ५० सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में से४२ भारत और पाकिस्तान में थे, जिससे लाखों लोग खतरनाक PM2.5 सूक्ष्म कणों और बढ़े हुए स्वास्थ्य जोखिमों के संपर्क में आए (Al Jazeera)
अंताल्या [तुर्किये] में संयुक्त राष्ट्र के पक्षकारों के जलवायु शिखर सम्मेलन [COP31] में २६ देशों ने १६ नवंबर को जलवायु के लिए वन्यजीव घोषणा जारी की। इसमें वन्य पशु-जन की आबादियों और उनके आवासों की रक्षा तथा पुनर्बहाली का संकल्प लिया गया। घोषणा देशों से अपनी राष्ट्रीय जलवायु योजनाओं में वन्य पशु-जन के संरक्षण को शामिल करने का आग्रह करती है। ३५३ वैज्ञानिकों द्वारा हस्ताक्षरित वक्तव्य में कहा गया है कि अफ्रीकी वन हाथी-जन और समुद्री ऊदबिलाव-जन जैसी प्रजातियों की रक्षा से पारिस्थितिक तंत्र अधिक कार्बन संचित कर सकते हैं (Turkish Minute, Agence France-Presse)
शोधकर्ताओं ने पाया कि मार्शल द्वीपसमूह के २ दूरस्थ प्रवाल वलयद्वीप, बिकर और बोकाक, प्रशांत क्षेत्र के सबसे अक्षुण्ण पारिस्थितिक तंत्रों में हैं। वहां समुद्री पक्षी-जन की फलती-फूलती बस्तियां, समुद्री कछुआ-जन के अंडे देने के सक्रिय स्थल और प्रवाल-भित्ति मछली-जन की प्रचुरता है। निकटवर्ती उतिरीक वलयद्वीप का समुदाय दशकों से इन वलयद्वीपों की रक्षा करता आया है, इनके आसपास लगभग १८,५८५ वर्ग मील [४८,१३६ वर्ग किलोमीटर] क्षेत्र एक राष्ट्रीय समुद्री अभयारण्य है। शोधकर्ताओं का कहना है कि ये वलयद्वीप दिखाते हैं कि न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप में स्वस्थ पारिस्थितिक तंत्र कैसे हो सकते हैं। ये अन्य स्थानों पर संरक्षण और पुनर्बहाली का मार्गदर्शन भी कर सकते हैं (Good News Network, frontiers)
बर्न विश्वविद्यालय [स्विट्ज़रलैंड] के विद्यार्थियों ने एक दीघकालिकता प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसमें विश्वविद्यालय की भोजनशालाओं को पूरी तरह वीगन बनाने और अन्य पर्यावरणीय उपाय अपनाने की मांग की गई है। हालिया मतदान में १,३६७ प्रतिभागियों में से ६५.८४% ने इसका समर्थन किया। इस परिणाम से छात्र संघ को विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ चर्चा में स्वीकृत उपायों को आगे बढ़ाने का औपचारिक जनादेश मिला है, लेकिन विश्वविद्यालय के लिए उन्हें अपनाना अनिवार्य नहीं है (SWI swissinfo.ch, University of Bern Student Union, 20 Minuten)
किर्कलारेली विश्वविद्यालय [तुर्किये] के शोधकर्ताओं ने कप्पा-कैरेजीनन को आधार बनाकर वीगन जेली कैंडी विकसित कीं, विभिन्न मिश्रणों में गोंद कतीरा और/या जेलन गोंद मिलाया गया। इनमें एंथोसायनिन [ACNs, एंटीऑक्सिडेंट गुणों वाले वनस्पति वर्णक] से भरपूर ब्लूबेरी के बचे गूदे का अर्क मिलाया गया। पाचन का अनुकरण करने वाले परीक्षणों से पता चला कि जेली की संरचना ने ACNs को टूटने से बचाने में सहायता की है (Polymer Bulletin)
पोलैंड के राष्ट्रीय पोषण शिक्षा केंद्र ने ९ नवंबर, २०२६ को १ सितंबर से स्कूल लागू -भोजन नियम स्पष्ट किए: सप्ताह में फलियों पर आधारित १ व्यंजन पूरी तरह वीगन होना चाहिए [२ व्यंजनों वाले दोपहर के भोजन में सूप या मुख्य व्यंजन]। सप्ताह में कम-से-कम २ बार सब्ज़ियों के शोरबे से बने सूप देना आवश्यक है, ऐसी आहार-संबंधी आवश्यकताओं वाले विद्यार्थियों को अनुरोध पर शाकाहारी या वीगन विकल्प उपलब्ध हैं (NCEZ, Vegan Guide)
अल्बुकर्की, न्यू मेक्सिको की नगर परिषद [अमेरिका] ने पशु-जन की पीड़ा रोकने के लिए पूरे शहर में पशु-जन को पकड़ने वाले गोंद-जालों की बिक्री या उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का १६ नवंबर का विधेयक सर्वसम्मति से मंज़ूर किया। गोंद-जाल चिपचिपे तख्तों पर पशु-जन को अंधाधुंध फंसा लेते हैं, जिससे वे लंबे समय तक कष्ट सहते हैं और उनकी क्रूर मृत्यु होती है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर १०० अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लग सकता है (KRQE News)
मिलान [इटली] में मोरक्को के महावाणिज्य दूतावास ने हाल ही में ४५ वर्षीय हकीम को अगस्त में कोमो झील [इटली] में डूब रहे ९ वर्षीय लड़के को बचाने के साहस के लिए सम्मानित किया। टखने में चोट के बावजूद, उन्होंने चिकित्सकीय सहायता की प्रतीक्षा करते हुए CPR [कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन] दिया (Morocco World News)
MKF [मिशील किड्स फ़ाउंडेशन] मंगोलिया के दूरस्थ समुदायों के बच्चों को निःशुल्क चलित दंत चिकित्सा सेवाएं देता है, MKF के बाल दंत चिकित्सक और परियोजना प्रबंधक के अनुसार, वहां १० में से ९ बच्चों के दांतों में सड़न है। स्विस दंत स्वच्छता विशेषज्ञ गैब्रिएला श्मिट-कोर्सित्तो द्वारा स्थापित MKF ने १ दशक से अधिक समय में २२ हज़ार से अधिक बच्चों का उपचार किया है (The Star)
आज का ज्ञानवर्धक उद्धरण: "यह अत्यंत असंभाव्य है कि उथल-पुथल भरे समुद्र में कोई कछुआ संयोग से किसी जुए के छेद में आ जाए; फिर भी, पशु-जन्म की तुलना में यह संभावना बहुत कम है, और मानव-जन्म से तुलना करें तो वह कहीं अधिक दुर्लभ है। मानव जीवन के महत्त्व को समझें, और आर्य धर्म के अभ्यास को फलदायी बनाएं"। - नागार्जुन (वीगन) वंदनीय बौद्ध गुरु, बौद्ध दर्शन के माध्यमक संप्रदाय के संस्थापक (Pathgate Institute of Buddhist Studies)
एम्बर सेलेस्टियल एंजेल के मृत्यु-समीप अनुभव पर इस ३-भाग की शृंखला के भाग १ में, एम्बर ने बताया था कि उन्हें बचपन से ही दिव्य दृश्य दिखाई देते थे। जब उन्होंने लोगों को उनके बारे में बताया, तो कुछ ने उनकी सहायता मांगी, जबकि उनकी मां समेत अन्य लोगों ने उनकी बातों को नकार दिया। कुछ समय तक एम्बर ने अपने दिव्य दृश्यों की बात किसी से नहीं कही। वर्षों बाद, अपने दूसरे बेटे के जन्म से पहले गर्भावस्था के दौरान उन्होंने उन संदेशों को लिखना शुरू किया, जो उन्हें लगता था कि उन्हें मिल रहे हैं। तीसरे बेटे के जन्म के कुछ दिन बाद, अपने नवजात के पास लेटी एम्बर को अप्रत्याशित शांति का अनुभव हुआ। उठने के कुछ ही समय बाद, उनके सिर में असहनीय दर्द हुआ और उन्हें दिखना बंद हो गया। अस्पताल में उन्हें प्रसवोत्तर प्रीएक्लेम्पसिया होने का पता चला और एक चिकित्सक ने चेताया कि उनका जीवन खतरे में है। भाग २ में एम्बर बताती हैं कि शरीर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने क्या अनुभव किया और इससे अपनी क्षमताओं के प्रति उनका दृष्टिकोण कैसे बदला।
उनकी कहानी रात लगभग १ बजे से आगे बढ़ती है। अस्पताल के कमरे में अकेली एम्बर ने फिर वही शांति महसूस की। उन्हें याद है कि उस समय उनके मन में क्या चल रहा था। [मुझे लगा], "मुझे लगता है कि मैं तैयार हूं। मुझे लगता है कि समय आ गया है"। और फिर मैं वहां चली गई, जहां भी कोई जाता है, ऐसे स्थान में जो देश और काल से परे है, मुझे याद है सबसे पहले मैंने देखा कि वे प्रकाशमय सत्ताएं थीं। और ये देवदूत हैं। मुझे जो दिखा, वह प्रकाश था, वह एक प्रकाश है, एक अनुभूति है, बस प्रेम, शांति और स्वीकार किए जाने की अनुभूति। हालांकि उनके पूर्व साथी घर जा चुके थे, एम्बर कहती हैं कि अब वह अस्पताल के कमरे में अकेली नहीं थीं।
मैंने वास्तव में उनके कुछ दिवंगत प्रियजनों को भी देखा। वे सभी कमरे के कोने में खड़े थे, लेकिन उस समय तक मैं अपने शरीर से बाहर थी। एम्बर जब फ़रिश्तों और माता मरियम (शाकाहारी) के साथ यात्रा कर रही थी, तब उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था मानो फ़रिश्ते उन्हें थामे हुए हों।
मैं उनके बारे में अधिक नहीं जानती थी। लेकिन वह कह रही थीं, "मैं तुम हूं। तुम मैं हो"। और वह स्थान जैसे किसी तरह उनकी उपस्थिति से भरा था। जैसे वह मेरे भीतर थीं, लेकिन मेरा मार्गदर्शन कर रही थीं और ये देवदूत आसपास थे। हम देश-काल से परे इस स्थान में आगे बढ़ रहे थे और मुझे अंधेरी आकृतियों के धुंधले दृश्य दिखे, मैं उन आकृतियों को मानवीय शब्दों में ठीक से समझा नहीं सकती। वे छाया जैसी थीं, लेकिन यहां दिखने वाली आकृतियों जैसी नहीं थीं। […] मैंने बस कहा, "नहीं, मैं वहां नहीं जाऊंगी"। इसके बाद एम्बर को चटख रंग और आकृतियां दिखीं। उन्हें याद है कि एक बड़ी, चमकीले रंगों वाली तितली भी थी।
फिर किसी समय मैंने कहा, "मुझे लगता है कि मैं जीना चाहती हूं। यदि मुझे जीने की अनुमति मिले, तो मुझे लगता है कि मैं जीना चाहती हूं। मैं सचमुच अपने बच्चों को फिर देखना चाहती हूं। मुझे लगता है कि मैं अपने बच्चों के साथ रहने के लिए रुकना चाहती हूं। मैं अपने बच्चों से प्रेम करती हूं"। फिर उन्होंने मुझे बच्चों के भविष्य के दृश्य दिखाए, जैसे जन्मदिनों पर और बड़े होने पर खेलते हुए, तब मैं थोड़ा- और बोली, "अच्छा,ठीक है, यदि मुझे यही मिलना है, तो आपने मेरी इच्छा पूरी कर दी। मुझे अपने बच्चों को देखने को मिला, तो मुझे लगता है कि मैं इसके लिए आभारी रहूंगी। और यदि अब भी मेरे जाने का समय है, तो शायद मैं चली जाऊंगी, लेकिन मैं रुकना चाहूंगी"। एम्बर कहती हैं कि वह पृथ्वी पर अपने जीवन में लौटना चाहती थीं, हालांकि उन्हें ऐसा नहीं लगा कि उनसे चुनाव करने को कहा जा रहा था। इस दौरान मुझे यह भी बताया और दिखाया गया [कि] "यदि तुम रुक रही हो, तो तुमको जन्म से मिली क्षमताओं का उपयोग शुरू करना होगा। […] यहां तुम्हारे होने का एक कारण, एक मिशन और एक उद्देश्य है। ये दिव्य दृश्य, ये जो कुछ यहां है, एक उपहार हैं और तुमको इन्हें दूसरों के साथ साँझा करना होगा"।
इस स्थान में मेरा कोई अस्तित्व नहीं था। जैसे चारों ओर बस सुंदर प्रकाश था और मैं उसका एक अंश थी। मेरा कोई रूप नहीं था। मैं बस यह बिना शर्त प्रेम थी। इस ३-भाग की शृंखला के भाग ३ के लिए कल हमारे साथ जुड़ें, एम्बर बताएंगी कि जिसे वह स्वर्ग कहती हैं, वहां क्या हुआ, उनके शरीर में लौटने के बाद देवदूतों ने उनका मार्गदर्शन कैसे किया और उनके मृत्यु-समीप अनुभव ने उनके जीने का ढंग कैसे बदला। (Spiritual Experiences with Loretta अनुभव यूट्यूब चैनल - धन्यवाद।)
अधिक तारीखें देखें
ऐप
QR कोड स्कैन करें, या डाउनलोड करने के लिए सही फोन सिस्टम चुनें
आईफ़ोन
एंड्रॉयड
Prompt
OK
डाउनलोड
साँझा करें
साँझा करें
एम्बेड
इस समय शुरू करें